BHU ट्रामा सेंटर में ब्रेन व स्पाइन के मरीजों का होगा उपचार, बनेगा दो सौ बेड का सेंटर


JAY CHAND

वाराणसी

 ब्रेन और स्पाइन के इलाज के लिए काशीवासियों व आसपास के लोगों को भटकना नहीं होगा। बीएचयू ट्रामा सेंटर में दो सौ बेड का सेंटर फार ब्रेन एंड स्पाइनल कार्ड इंजरी बनेगा। इसके लिए स्वास्थ्य मंत्रालय ने मौखिक स्वीकृति प्रदान करते हुए डेढ़ सौ बेड के सीसीयू के लिए 38 करोड़ रुपये धनराशि जारी कर दी है। सेंटर बनने से काशीवासियों के साथ बिहार समेत आसपास के इलाके के मरीजों को काफी सुविधा होगी। 



केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के वाराणसी आगमन के दौरान जनप्रतिनिधियों ने प्रस्ताव रखा था। बताया कि ट्रामा सेंटर में मरीजों का दबाव अधिक है। इससे बेड की कमी पड़ जाती है और परेशानी होती है। ऐसे में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने ट्रामा सेंटर में ब्रेन व स्पाइन मरीजों के उपचार के लिए अलग से दो सौ बेड का सेंटर बनाने के प्रस्ताव को मौखिक स्वीकृति प्रदान कर दी। वहीं डेढ़ सौ बेड से सीसीयू (क्रिटिकल केयर यूनिट) के लिए 38 करोड़ की धनराशि मंत्रालय की ओर से जारी कर दी गई है। 

ट्रामा सेंटर के प्रभारी प्रोफसर सौरभ सिंह ने बताया कि मंत्रालय के दो सौ बेड बढ़ाने की स्वीकृति प्रदान कर दी है। यहां सेंटर फार ब्रेन एंड स्पाइनल कार्ड इंजरी बनाया जाएगा। आपरेशन के बाद मरीजों को यहां भर्ती किया जाएगा। इससे मुख्य भवन के 354 बेड पर मरीजों का दबाव थोड़ा कम होगा। इसके अलावा मंत्रालय ने डेढ़ सौ बेड के सीसीयू के लिए 38 करोड़ धनराशि जारी कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post